हरिद्वार जनपद के ज्वालापुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां सराय गांव स्थित बैंक ऑफ इंडिया में चाय-पानी पिलाने वाला दैनिक कर्मचारी खाता धारकों के लाखों रुपए लेकर फरार हो गया है। बताया जा रहा है कि उक्त कर्मचारी को खाताधारकों ने रकम अपने-अपने खातों में जमा कराने के लिए दी थी, लेकिन उसने सभी का भरोसा तोड़ते हुए बड़ा गबन कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू करने के साथ आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। हैरानी वाली बात तो यह है कि उक्त कर्मचारी ने खाताधारकों को रसीद भी दी, लेकिन उनके खातों में पैसा जमा नहीं कराया।
पुलिस के मुताबिक बैंक आफ इंडिया की सराय शाखा के मैनेजर अरविंद चौहान ने तहरीर देकर बताया कि जगधान, लोहारी चकराता, देहरादून निवासी अर्जुन सिंह उनकी बैंक शाखा में दैनिक मजदूरी पर कार्यरत था।

बैंक में उसका काम केवल चाय-पानी पिलाना व शाखा की सफाई करना था। बीते पांच मार्च से वह शाखा में नहीं आया। मैनेजर ने बताया कि दो महीने पहले उन्होंने चार्ज लिया है। तत्कालीन मैनेजर ने जब अर्जुन से बात की तो उसने अपनी दादी का देहांत होने की जानकारी दी। दो तीन दिन बाद कुछ लोग अर्जुन को पूछने बैंक में पहुंचे। 14 मार्च को मेहुरुन्निशा शिकायती पत्र देकर बताया कि उसने अर्जुन को 33 हजार 500 रुपये जमा कराने के लिए दिए थे। जिसकी एक रशीद भी अर्जुन सिंह ने दी थी, लेकिन पैसा खाते में जमा नहीं हुआ। इसी तरह सराय निवासी जमशीदा ने बताया कि उसने 50 हजार रुपये अर्जुन को जमा करने के लिए दिए थे। रसीद मिलने के बावजूद पैसे खाते में जमा नहीं हुए। धोखाधड़ी का पता चलने पर बैंक ने अर्जुन से संपर्क साधने का प्रयास किया, पर उसका कुछ पता नहीं चल पाया। इस मामले में मैनेजर ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।