Uttarakhand News 27 April 2026: नैनीताल में अल्मोड़ा क्षेत्र के युवक दीपक उपाध्याय के लापता होने के मामले में सोमवार को बड़ा अपडेट सामने आया है। लापता होने के पांच दिन बाद युवक का शव टूटा पहाड़ क्षेत्र से बरामद हुआ है। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा निवासी दीपक उपाध्याय बीते बुधवार को तल्लीताल रोडवेज स्टेशन क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। पुलिस ने मामले में 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार सर्च अभियान चलाया, लेकिन शुरुआती चार दिनों तक कोई सुराग नहीं लग पाया। इस दौरान पुलिस ने युवक के तीन दोस्तों से भी सख्ती से पूछताछ शुरू की थी।
सोमवार को सर्च अभियान के तहत टूटा पहाड़ क्षेत्र में युवक का शव करीब 80 मीटर गहरी खाई में मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के भाई ने युवक के साथ मौजूद रहे दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दीपक का अचानक लापता होना और फिर इस तरह शव का मिलना संदेह पैदा करता है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई है। टीम द्वारा घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए सैंपल कलेक्ट किए जाएंगे, ताकि मौत के कारणों का वैज्ञानिक तरीके से पता लगाया जा सके। पुलिस की ओर से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच और तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।










