Uttarakhand News 15 June 2026: कैंची धाम में आकर मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मेरा स्वागत स्वयं बाबा नीब करौरी महाराज कर रहे हैं यह बात अमेरिका से बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे मैक्स ने कहीं। अमेरिका से मैक्स सोमवार को स्थापना दिवस पर कैंची धाम पहुंचे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020 में उनके मन में आध्यात्मिक जीवन को लेकर कई प्रश्न थे और जिनके उत्तर उन्हें नहीं मिल रहे थे। उन्होंने कहा कि उनके एक मित्र ने उन्हें रामदास के प्रवचनों से अवगत कराया और रामदास के माध्यम से ही उन्हें बाबा नीब करौरी महाराज के बारे में जानने और उनकी शिक्षाओं की जानकारी मिली।

मैक्स ने कहा कि वर्ष 2022 में वह अमेरिका के न्यू मैक्सिको स्थित ताओस आश्रम पहुंचे और दो वर्षों तक सेवा कार्य किया। साथ ही उनके जीवन और संदेश को जानने के साथ उन्होंने अपना जीवन महाराज की सेवा के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि कैंची धाम आकर बाबा के दर्शन के बाद उन्हें बेहद शुकून मिला। साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर व्यवस्थाओं और स्थानीय लोगों के सरल व्यवहार की प्रशंसा की। उन्होंने प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की भी सराहना की।