Uttarakhand News 26 May 2026: नैनीताल। शहर में तापमान बढ़ोतरी का असर जंगलों पर भी साफ दिखने लगा है। बीती रोज बल्दियाखान क्षेत्र में लगी आग फैलते हुए पटवाडांगर तक पहुंच गई। आबादी क्षेत्र के समीप तक आग पहुंचने से क्षेत्रवासियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
वन विभाग व दमकल कर्मियों के संयुक्त प्रयासों से भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। आग से वन संपदा के साथ ही वन्य जीवों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
रविवार सुबह लगी थी जंगलों में आग
रविवार सुबह बल्दियाखान क्षेत्र के जंगलों में आग लगी हुई थी। वन विभाग व दमकल कर्मियों के प्रयासों से शाम करीब तीन बजे आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन देर शाम जंगल एक बार फिर धधक उठे। रात को तेज हवाओं से आग ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि पूरी रात वन विभाग व दकमल कर्मी आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
सोमवार को आग बढ़ते हुए पटवाडांगर क्षेत्र तक पहुंच गई। चीड़ बाहुल्य जंगल में उठती आग की लपटों पर काबू पाना चुनौती भरा रहा। वन कर्मियों के साथ ही दकमल विभाग ने बड़े क्षेत्र से तो काबू पा लिया, लेकिन अब भी एक ग्रीड में लगी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।
वन विभाग की टीम आग बुझाने के काम में लगी हुई है
डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि पूरी रात के बाद दिन भी वन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है। लेकिन हवाओं व जंगल में पिरुल की अधिकता से आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। फिलहाल बड़े क्षेत्र की आग पर काबू पा लिया गया है, एक ग्रिड में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। हवाओं का रुख तेज नहीं रहा तो रात तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा।










