Uttarakhand News 27 May 2026: भीषण गर्मी में तपिश से राहत के लिए लोग कूलर और एयर कंडीशनर (एसी) जैसे उपकरणों का जमकर प्रयोग कर रहे हैं। ऐसे में बिजली की खपत बढ़ गई है।

हल्द्वानी सहित आसपास क्षेत्र में भी 60 प्रतिशत डिमांड बढ़ गई है। इससे बिजली घरों पर लोड भी बढ़ गया। ऐसे में ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से जवाब देने लगे हैं।

इसमें सबसे ज्यादा समस्या कम लोड लेकर ज्यादा बिजली लोड पर एसी जैसे उपकरण चलाने वालों की वजह से दिक्कत आ रही है। इसे देख ऊर्जा निगम ने मंगलवार से कार्रवाई शुरू कर दी है।

अलग-अलग घरों में की जांच
विद्युत वितरण खंड हल्द्वानी ग्रामीण के ईई एसके गुप्ता ने बताया कि पहले दिन कमलुवागांजा और टीपी नगर उपकेंद्र क्षेत्र के अलग-अलग घरों में जांच की गई। इसमें 42 उपभोक्ताओं ने कम लोड ले रखा था और अधिक बिजली खर्च कर रहे थे।

ऐसे उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें खपत के अनुसार लोड बढ़ाने को कहा गया है। यदि लोड नहीं बढ़ाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, बताया कि जज फार्म क्षेत्र में बिजली लाइन डालने के लिए पूर्व स्वीकृत कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:45 बजे तक शटडाउन लिया गया था।