Uttarakhand News 12 June 2026: सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में चीन सीमा को जोड़ने वाले तवाघाट-सोबला-ढाकर मार्ग पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। पंपावे के पास एक पर्यटक वाहन पर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिर गया। इस हादसे में चालक समेत एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पर्यटक वाहन पंचाचूली ग्लेशियर बेस कैंप से धारचूला लौट रहा था। इसी दौरान पंपावे क्षेत्र में पहाड़ी दरकने से विशाल बोल्डर वाहन के ऊपर आ गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मौके पर पहुंच गई और मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया। वहीं, तहसील मुख्यालय से राजस्व पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों को भी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है
बताया जा रहा है कि हादसा स्थल तहसील मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित है। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव दलों को मौके तक पहुंचने में समय लग रहा है। फिलहाल वाहन में फंसे लोगों की स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।










