Uttarakhand News 2 Nov 2026: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की।
नई दिल्ली में खरगे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर सोमवार को हुई इस बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात, संगठन की मजबूती और चुनावी तैयारियों को लेकर व्यापक मंथन हुआ। राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं को संगठनात्मक समन्वय और चुनावी तैयारियों को लेकर सुझाव एवं निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा भी मौजूद रहीं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भी इसमें भाग लिया। सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में प्रदेश के वर्तमान सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य के साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।
चुनावी रणनीति के साथ संगठन के विभिन्न स्तरों पर बेहतर तालमेल स्थापित करने के विषय पर भी विचार-विमर्श हुआ। राष्ट्रीय नेतृत्व उत्तराखंड के राजनीतिक हालात और पार्टी की तैयारियों को गंभीरता से ले रहा है।
सामूहिक नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने का संदेश
बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने बताया कि बैठक में संगठन की एकजुटता और सामूहिक नेतृत्व के आधार पर चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
पार्टी का प्रयास रहेगा कि प्रदेश के जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाए और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान में सक्रिय भूमिका दी जाए।










