Uttarakhand News 31 July 2026: पहाड़ों में लगाते हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मैदान में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। शुक्रवार सुबह से ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा से 18 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
प्रशासन के निर्देश पर एसडीआरएफ,जल पुलिस,आपदा राहत दल की संयुक्त टीमें त्रिवेणी घाट, परमार्थ घाट, स्वर्गाश्रम घाट, रामझूला और लक्ष्मणझूला क्षेत्र में तैनात कर दी गई हैं। घाटों पर गोताखोरों की तैनाती के साथ ही लाइफ जैकेट और रस्सियों की व्यवस्था भी की गई है। लाउडस्पीकर और मुनादी के जरिए लोगों को नदी किनारे न जाने और तेज बहाव में स्नान न करने की चेतावनी दी जा रही है।
वर्तमान में सावन की कावड़ यात्रा अपने चरम पर है। हरिद्वार से लाखों कावड़िए ऋषिकेश होते हुए नीलकंठ और अन्य शिवालयों की ओर जा रहे हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कहा कावड़ियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। सभी से अपील है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और चिन्हित स्थानों पर ही स्नान करें। सिंचाई विभाग के अनुसार यदि पहाड़ों में इसी तरह बारिश जारी रही तो गंगा का जलस्तर खतरे के निशान 340.50 मीटर को पार कर सकता है।










