Uttarakhand News 23 Oct 2026: जखोली ब्लॉक के अंतर्गत बैनोली गांव में एक साधु की सिर में पत्थर मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार को गुणखेश्वर मंदिर के अर्चक महात्मा का शव खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर अगस्त्यमुनि व रुद्रप्रयाग से पुलिस घटना स्थल पहुंची। महात्मा के सिर में पत्थर मारकर हत्या की गई थी। डीएसपी विकास पुंडीर ने बताया कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की तो एक युवक की भूमिका संदिग्ध मिली।

कुछ ही देर में आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। देर शाम तक आरोपी से पूछताछ कर हत्या की वजह जानने की कोशिश की जा रही थी। वहीं, ग्राम प्रधान बैनोली सूर्यप्रकाश नौटियाल ने बताया कि महात्मा गांव में करीब चार वर्षों से रह रहे थे। उनकी हत्या से क्षेत्र में शोक की लहर है।