Uttarakhand News 28 July 2026: रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा क्षेत्र में लकड़ियां बीनने गई महिलाएं मंदाकिनी नदी की बीच धारा में फंस गई। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना हुई। महिलाओं को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान किया गया।
गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। तीनों महिलाओं का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए आज मंगलवार और बाुधवार को भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के जारी फ्लैश फ्लड बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग एवं उत्तरकाशी जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान मध्यम फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का जोखिम बना हुआ है।
विशेष सतर्कता बरतने की अपील
लगातार वर्षा के कारण छोटे नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने, निचले क्षेत्रों में जलभराव तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी जताई गई है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि ऑरेंज अलर्ट के दौरान भारी से बहुत भारी वर्षा, भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कों के अवरुद्ध होने, नदी-नालों के उफान, निचले क्षेत्रों में जलभराव तथा आकाशीय बिजली जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
ऐसे में लोग विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार का जोखिम उठाने से बचें। उन्होंने प्रदेशवासियों व चारधाम यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि मौसम विभाग की जारी चेतावनियों को गंभीरता से लें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें। अगर यात्रा आवश्यक हो तो मौसम व सड़क की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के बाद ही यात्रा करें।










