Uttarakhand News 22 June 2026: जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में निहंग सिखों का डेरा सोमवार को तीसरे दिन भी जारी है, जिससे क्षेत्र में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।
मामले को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने और किसी भी प्रकार के गतिरोध को समाप्त करने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी लगातार प्रयासरत हैं।
प्रशासनिक टीम विभिन्न पक्षों के साथ बातचीत कर बीच का रास्ता निकालने और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए लगातार बैठकें कर रही है। मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
गुरुद्वारे पर निहंगों का कब्जा
बता दें कि शनिवार दोपहर से सात से आठ निहंग कब्जा जमाए हुए हैं। इससे पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। प्रशासन और निहंगों के बीच कई दौर की वार्ता भी हो चुकी है, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। हालांकि, रविवार को निहंगों ने बंधक बनाए गए एक सेवादार को रिहा कर दिया था।
क्या है मामला
बीते 16 जून को कर्णप्रयाग में पार्किंग को लेकर स्थानीय निवासियों व निहंगों के बीच विवाद हो गया था। मामला इस कदर बिगड़ा कि निहंगों ने तलवारों से स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया। इसमें चार लोग घायल हो गए थे।
निहंगों का आरोप है कि इस प्रकरण में स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई, जिससे वे असंतुष्ट हैं। इसी के चलते शनिवार दोपहर सात से आठ निहंग गुरुद्वारा पहुंचे और सेवादारों से हाथापाई के बाद छत पर चढ़कर तलवारें लहराने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया है।
निहंगों को रिहा करने की मांग
निहंग कर्णप्रयाग की घटना के बाद गिरफ्तार किए गए निहंगों को रिहा करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं माने जाने पर देशभर से बड़ी संख्या में निहंग उत्तराखंड पहुंच सकते हैं।










