Uttarakhand News 15 June 2026: लमगड़ा, दिनांक 14 जून 2026
विकास खण्ड लमगड़ा सभागार में भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) हवालबाग द्वारा ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के सहयोग से आयोजित 31 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में RSETI हवालबाग के निदेशक श्री राकेश रोशन विश्वकर्मा द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को सिलाई मशीन संचालन, विभिन्न प्रकार के परिधानों की सिलाई, डिजाइनिंग एवं स्वरोजगार प्रबंधन से संबंधित व्यवहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों का लिखित, मौखिक एवं व्यवहारिक (प्रैक्टिकल) मूल्यांकन कराया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा अपने कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं द्वारा कहा गया कि इस प्रकार के कौशल विकास प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं स्वयं का रोजगार स्थापित कर परिवार की आय में वृद्धि कर सकती हैं तथा अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत बन सकती हैं।
प्रशिक्षण की फैकल्टी श्री हरीश सती द्वारा प्रशिक्षण की रूपरेखा एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर श्रीमती ममता बिष्ट एवं श्री प्रकाश जोशी द्वारा प्रतिभागियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विकास खण्ड लमगड़ा के समस्त ग्राम विकास अधिकारी, ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना से ब्लॉक आजीविका समन्वयक श्री हरीश सनवाल, NRLM से एरिया कोऑर्डिनेटर, समस्त CLF स्टाफ, रीप एवं NRLM स्टाफ तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।











