Uttarakhand News 6 Oct 2026: नैनीताल: कैंची धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। मंडलायुक्त दीपक रावत ने कैंची धाम में 15 दिन के भीतर एंट्री और एग्जिट की बेहतर व्यवस्था करने । प्रशासन अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों के रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल शुरू करने की तैयारी करने के निर्देश दिए। ताकि भीड़ और ठहरने की क्षमता का बेहतर आकलन किया जा सके।

मंगलवार को आयोजित बैठक में अधिकारियों ने बताया गया कि मेले के दौरान तीन दिनों में करीब 1.30 लाख लोग कैंची धाम पहुंचे थे। बैठक में बताया गया कि कैंची धाम में वीकेंड पर 21 से 25 हजार तक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जबकि बीते वीकेंड करीब 40 हजार लोगों के पहुंचने की बात सामने आई। जून के बाद से यहां श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। प्रबंधन के मुताबिक कैंची धाम मंदिर इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ के लिहाज से तैयार नहीं है। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यवस्थाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक में क्षेत्र की उपलब्ध आवासीय क्षमता पर भी चर्चा हुई। नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर क्षेत्र में करीब 20 हजार बेड, जबकि करीब 1019 होमस्टे होने की जानकारी दी गई। प्रशासन की ओर से बताया कि अब श्रद्धालुओं और पर्यटकों के रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल शुरू करने की तैयारी कर रहा है, ताकि भीड़ और ठहरने की क्षमता का बेहतर आकलन किया जा सके। भीड़ की स्थिति में वीकेंड पर मंदिर के एंट्री और एग्जिट के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने को कहा गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि कैंची धाम में 15 दिन के भीतर एंट्री और एग्जिट की बेहतर व्यवस्था तैयार की जाए। नो-एंट्री और वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में आईजी निवेदिता कुकरेती, डीएम ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, एडीएम विवेक राय, एसडीएम नवाजिश खलिक, प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार, ईओ रोहिताश शर्मा, आरटीओ समेत मारुति साह, दिग्विजय बिष्ट, त्रिभुवन फर्त्याल, वेद साह, पुनीत टंडन और रुचिर साह मौजूद रहे।

वीकेंड पर अधिकारी फील्ड में रहेंगे
कमिश्नर ने अधिकारियों से वीकेंड पर कैंची धाम में लगाई जाने वाली पुलिस व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि एसडीएम, सीओ और आरटीओ वीकेंड पर फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। साथ ही वीकेंड के दौरान बैठक कर रिपोर्ट पेश करेंगे। भीमताल, विकास भवन, भवाली और मस्जिद तिराहे पर वीकेंड के दौरान आरटीओ की तैनाती के निर्देश दिए गए। बैठक में टैक्सी बाइक के अनियंत्रित संचालन को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई । कमिश्नर ने कहा कि पुलिस टैक्सी बाइक को नहीं रोक रही है। उन्होंने आरटीओ व पुलिस को टैक्सी बाइक के खिलाफ कार्रवाई करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज करने के निर्देश दिए। कैंची धाम और आसपास के प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वाहनों की संख्या नियंत्रित करने, दोपहिया वाहनों को नियंत्रित करने तथा भारी वाहनों को रात में संचालित करने जैसे विकल्पों पर भी चर्चा हुई। बैठक में कैंची धाम की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। भीड़ के दौरान हेली एंबुलेंस की व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठी।

कैंची धाम में ओवररेटिंग और सुविधाओं की हो जांच
नैनीताल। कैंची धाम क्षेत्र में खाने-पीने की वस्तुओं की ओवररेटिंग और टॉयलेट जैसी सुविधाओं को लेकर भी 500 रूपये लेने की शिकायतों पर चर्चा हुई। जिस पर कुमाऊं आयुक्त ने डीएम को औचक निरीक्षण कराने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कहा कि क्षेत्र में हर आवश्यक वस्तु और सेवा के रेट निर्धारित किए जाने चाहिए। साथ ही शिप्रा नदी में नहाने वालों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उनकी सुरक्षा का मुद्दा भी बैठक में उठा। कैंची धाम की फर्जी वेबसाइट चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने श्रद्धालुओं को ठगी से बचाने के लिए फर्जी साइटों पर कार्रवाई की बात कही। जिस पर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। धाम के समीप शिप्रा नदी में लोगों को नहाने से रोकने के लिए वन विभाग की टीम लगाने के निर्देश दिए गए।