Uttarakhand News 19 May 2026: (देहरादून)। पौराणिक महत्व के प्राचीन शिव मंदिर लाखामंडल के पास अवैध रूप से की जा रही खोदाई के दौरान कुछ प्राचीन अवशेष व मूर्तियां मिली हैं।

यहां कुछ लोग संरक्षित क्षेत्र में जेसीबी से खोदाई करा रहे थे। इस क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों को लेकर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने नाराजगी जाहिर की है।

शिव मंदिर समिति ने एसडीएम को पत्र भेजकर मामले में उचित कार्रवाई का अनुरोध किया है।

बताया जाता है कि पूर्व में भी खोदाई के दौरान यहां कुछ प्राचीन अवशेष व मूर्तियां मिल चुकी हैं। शिव मंदिर समिति ने एसडीएम को दी शिकायत में कहा है कि संरक्षित क्षेत्र में बढ़ता अतिक्रमण इस धार्मिक धरोहर के लिए खतरा है।

शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष सुशील गौड़ ने बताया कि संरक्षित क्षेत्र में मंदिर के पास जेसीबी से की जा रही अवैध खोदाई के दौरान प्राचीन मूर्तियां एवं अवशेष मिले हैं। इस अवैध खोदाई पर प्रतिबंध लगना चाहिए।

मंदिर समिति की शिकायत पर एसडीएम प्रेमलाल ने मामले का संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार चकराता राजेंद्र लाल व क्षेत्रीय राजस्व उपनिरीक्षक लाखामंडल सुरेश चन्द जिनाटा को स्थलीय निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

एसडीएम ने कहा कि राजस्व विभाग की जांच में खोदाई वाली जगह पर मिले प्राचीन अवशेष एवं मूर्तियों से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकता है। इस संबंध में पुरातत्व विभाग को भी अवगत कराया जाएगा।