Uttarakhand News 28 April 2026: देहरादून। रिफंड दिलाने और विशेष वीआइपी कार्ड उपलब्ध कराने का झांसा देकर साइबर ठगों ने नेहरू कालोनी क्षेत्र के एक व्यक्ति से 5.79 लाख रुपये ठग लिए।

ठगों ने पहले मोबाइल पर संदेश भेजा, फिर टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर भरोसा बनाया और किस्तों में रकम जमा करवा ली। रकम जमा होने के बाद सभी संपर्क अचानक बंद कर दिए गए।

नेहरू कालोनी थाना क्षेत्र के अजबपुर खुर्द निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल पर एक नंबर से संदेश आया था।

संदेश में टेलीग्राम आइडी के जरिए संपर्क करने को कहा गया और वीआइपी कार्ड, गोपनीय योजना और जमा धनराशि रिफंड होने का भरोसा दिलाया गया।

शिकायत के अनुसार आरोपितों ने उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा और अलग-अलग चरणों में रकम जमा कराने को कहा। भरोसे में आकर उन्होंने कुल 5.79 लाख रुपये जमा कर दिए।

इसके बाद संबंधित मोबाइल नंबर बंद हो गया और टेलीग्राम पर भी संपर्क समाप्त हो गया। पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लेन-देन से जुड़े बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई जा रही है।

ऐसे बचें साइबर जाल से
टेलीग्राम, वाट्सएप या एसएमएस पर आए किसी भी निवेश या रिफंड लिंक पर भरोसा न करें।
किसी अनजान ग्रुप में जुड़कर रकम जमा करने से पहले कंपनी या योजना की सत्यता जांचें।
रिफंड, बोनस या वीआइपी सुविधा के नाम पर पहले पैसा मांगना ठगी का सामान्य तरीका है।
किसी भी संदिग्ध लिंक, क्यूआर कोड या बैंक खाते में रकम भेजने से पहले परिवार या जानकार से सलाह लें।
ठगी की आशंका होने पर तुरंत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र की हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।