Uttarakhand News 28 April 2026: देहरादून। कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दरबार में सोमवार को सबसे ज्यादा मार्मिक तस्वीर उन बुजुर्गों की रही, जो अपने ही घर में उत्पीड़न की शिकायत लेकर प्रशासन के सामने पहुंचे।
किसी ने बेटे-बहू पर मारपीट का आरोप लगाया, तो किसी ने घर से निकालने की कोशिश की शिकायत की।
कई मामलों में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने मौके पर ही वरिष्ठ नागरिक अधिनियम एवं भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा और सड़क निर्माण से जुड़ी कुल 167 शिकायतें दर्ज हुईं।
इनमें अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजा गया। कांवली रोड निवासी अमरजीत कौर ने बेटियों की फीस माफी की गुहार लगाई।
उन्होंने बताया कि पति साथ नहीं रहते और बच्चों का पालन-पोषण कठिनाई से हो रहा है। इस पर मुख्य शिक्षा अधिकारी को नंदा सुनंदा प्रोजेक्ट के तहत आर्थिक सहायता प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
माजरीमाफी निवासी कक्षा 12 के छात्र आर्यन रमोला ने पिता की मृत्यु के बाद आर्थिक संकट के कारण फीस माफी की मांग की। वहीं डालनवाला निवासी विनिता ने पुत्र के निजी विद्यालय में प्रवेश के लिए सहायता मांगी।
बेटे-बहू के खिलाफ बुजुर्गों की फरियाद
फतेहपुर निवासी 80 वर्षीय बीर सिंह ने शिकायत की कि पुत्र और पुत्रवधू उनके साथ मारपीट करते हैं। कई बार पुलिस में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
संपत्ति से बेदखल करने के बाद भी पुत्र-पुत्रवधू घर में जबरन रह रहे हैं। इस पर एसपी देहात को वरिष्ठ नागरिक अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इंद्रा कालोनी निवासी 68 वर्षीय अशोक कुमार धवन ने भी पुत्र पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया।
इसी तरह हरेकृष्णा विहार निवासी शकुंतला कौर ने पुत्र व बहू पर 75 वर्षीय पति सहित उन्हें घर से निकालने की कोशिश का आरोप लगाया। इस मामले में एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज करने को कहा गया।
दिव्यांग बुजुर्ग के लिए आर्थिक सहायता प्रक्रिया शुरू
दिव्यांग बुजुर्ग वीरेन्द्र धीमान ने बताया कि उनका कोई सहारा नहीं है और अब काम करने में असमर्थ हैं। इस पर एसडीएम को आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बालेन सरकार की सख्ती के बीच भारत-नेपाल सुरक्षाबलों की कमांडे
मेहूंवाला माफी की निवासी नेहा ने पति के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पांच लाख रुपये के बैंक ऋण की शेष किस्तें जमा न कर पाने की बात कही।
एलडीएम को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया। इंद्रा एन्क्लेव में बिना अनुमति मकान की छत पर मोबाइल टावर लगाए जाने की शिकायत पर तत्काल रोक लगाते हुए जांच के आदेश दिए गए।
टीकरी में अतिक्रमण हटेगा, सड़क निर्माण रिपोर्ट तलब
ग्रामसभा लांघा के ग्रामीणों ने मजरा टीकरी में सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत की। इस पर तत्काल कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए।
ग्राम गडूल की प्रधान स्वीटी रावत द्वारा मानकी-इठराना मोटर मार्ग निर्माण में देरी और गुणवत्ता पर सवाल उठाने पर पीएमजीएसवाई से रिपोर्ट मांगी गई।










