Uttarakhand News 3 Oct 2026: देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 22.81 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। आरोपी की पहचान कमल चौधरी उर्फ बॉबी (30) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कुआंखेड़ा, थाना लक्सर, हरिद्वार का निवासी है और वर्तमान में शमी चौधरी के यहां राजावाला, सेलाकुई में किराये पर रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी में शामिल लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की ओर से चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है।
शनिवार को थाना सेलाकुई पुलिस की टीम ने चेकिंग के दौरान तेलपुरा स्थित जंगलात चौकी के पास पार्क में एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 22.81 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने कमल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। उसने बरामद स्मैक एक स्थानीय नशा तस्कर से खरीदी थी और सामान की डिलीवरी करने की आड़ में इसे नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था।










