Uttarakhand News 12 Oct 2026: नैनीताल जिले के गरमपानी के बेतालघाट ब्लॉक की ग्राम पंचायत तल्ली सेठी में रविवार की देर रात एक घर में घुसे तेंदुए को बुजुर्ग महिला ने साहस का परिचय देते हुए कमरे में कुंडी लगाकर बंद कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और तेंदुए को पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि रविवार की देर रात दो बजे एक तेंदुआ जीवंती देवी के घर में घुस गया। तेंदुए को घर के अंदर देख जीवंती देवी ने डर के बीच साहस का परिचय देते हुए कमरे के बाहर की कुंडी लगा दी। इसके चलते तेंदुआ कमरे के अंदर ही कैद हो गया।

परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग के अधिकारियों को घटना की सूचना दी। रविवार को वन विभाग की टीम ने तेंदुए को कमरे से पकड़कर रेस्क्यू सेंटर भेजा।

ग्रामीणों ने जीवंती देवी के साहस की सराहना करते हुए कहा कि महिला ने हिम्मत करके तेंदुए को कमरे में बंद कर दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र में तेंदुओं को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने के साथ गश्त करने की मांग की है।