Uttarakhand News 19 Aug 2026: देहरादून: उत्तराखंड में मानसून आफत बनकर बरस रहा है। पहाड़ से मैदान तक भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सोमवार शाम से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह तक लगातार जारी रहा। मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के उफान से खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई है। देहरादून और बागेश्वर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कई इलाकों में लगातार भारी बारिश
प्रदेश के कई इलाकों में 12 से 14 घंटे तक लगातार बारिश होती रही। बारिश की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नरेंद्रनगर में रातभर में 260 मिमी और ऋषिकेश में 225 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। देहरादून में भी कई इलाकों में करीब 130 मिमी बारिश दर्ज हुई।
कुमाऊं मंडल में भी कई स्थानों पर 70 से 100 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई। भारी बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन हुआ, जिससे कई मार्ग बाधित हुए। वहीं निचले इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से आसपास के क्षेत्रों में खतरा बना हुआ है।
लगातार हो रही बारिश से पहाड़ों में भूस्खलन, नदियां उफान पर
बारिश के चलते अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। ज्यादातर क्षेत्रों में पारा दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट
देहरादून और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ अत्यंत तीव्र वर्षा और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। वहीं पौड़ी, चंपावत, टिहरी, हरिद्वार, पिथौरागढ़, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में यलो अलर्ट है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। शेष जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज से अति तेज बारिश के दौर की संभावना जताई गई है।










