Uttarakhand News 23 June 2026: द्वाराहाट। तीन दिन पूर्व बहुद्देशीय शिविर से भाजपा और कांग्रेस के बीच छिड़ा सियासी संग्राम थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को दोनों पार्टियों की ओर से प्रदर्शन व पुतले जलाने का ऐलान किया गया। कांग्रेसियों ने तो केंद्र व राज्य सरकार का पुतला जला दिया गया।
मगर जब भाजपाई कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट का पुतला जलाने मुख्य चौक पर जमा हुए। तभी विधायक मदन प्रदर्शनकारी भाजपाइयों के बीच जा धमके। बोले कि ‘पुतला क्या जलाते हो, मैं खुद ही आ गया। मुझे जलाओ…’। भाजपाई एक बार तो हतप्रभ रह गए।
मदन बिष्ट का पोस्टर फाड़ डाला
कांग्रेसियों ने पुतले पर चस्पा मदन बिष्ट का पोस्टर फाड़ डाला। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे के बीच कांग्रेसी व भाजपाइयों में धक्का मुक्की शुरू हो गई। माहौल बिगड़ता देख पुलिस कर्मियों ने हस्तक्षेप किया। दोनों पक्षों को बमुश्किल अलग किया। फिर भाजपाइयों ने नारेबाजी कर विधायक का पुतला जला गुबार निकाला ।
बुधवार को अपराह्न मुख्य चौराहा पर कांग्रेसी व भाजपाई आमने सामने आ गए। कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार का पुतला दहन कर अपनी भड़ास निकाल ली थी। लेकिन भाजपा के कार्यक्रम के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो उठी। विधायक मदन सिंह का पुतला लेकर भाजपाई मुख्य चौराहा पर प्रदर्शन की शुरुआत कर ही रहे थे। तभी मदन बिष्ट अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए।
कहा कि वह खुद उपस्थित हो गए हैं पुतले की जगह मुझ पर आग लगाओ। एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप के दौर चले। दोतरफा नारेबाजी होणे लगी। कुछ कार्यकर्ताओं ने पुतले से मदन बिष्ट का पोस्टर फाड़ दिया। इस पर धक्का मुक्की भी हुई। पुलिस को आकर हस्तक्षेप करना पड़ा। उसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुन: मदन बिष्ट के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए पुतला आग के हवाले कर दिया।










