Uttarakhand News, देहरादून, 28 अक्तूबर 2022: उत्तराखंड में बेरोजगार युवाओं के लिए अब तेजी से भर्तियां आनी शुरू हो गई है। उत्तराखंड में यूकेएसएसएससी के प्रश्न पत्र लीक मामले से विलंबित हुई भर्तियां अब नए सिरे से आनी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग शुक्रवार को अपने पूर्व में घोषित कलेंडर के अनुसार समूह ‘ग’ की एक और भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने जा रहा है। यह भर्ती सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक के 891 पदों के लिए होगी। भर्ती अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा करा ली गई थी। किंतु प्रश्न पत्र लीक विवाद के बाद इसे निरस्त कर लोक सेवा आयोग से कराया जा रहा है। लोक सेवा आयोग के कलेंडर के अनुसार शुक्रवार को यह भर्ती निकाली जाएगी और इस भर्ती की परीक्षा अगले वर्ष 12 फरवरी को होगी। इसके अलावा लोक सेवा आयोग द्वारा अगली भर्ती नवंबर महीने के दूसरे सप्ताह में बंदी रक्षकों के लिए निकाली जाएगी। जिसमें कारागार विभाग में बंदी रक्षक पुरुष व महिला के 213 पदों के लिए भर्ती निकाली जाएगी। हालांकि इसकी परीक्षा तिथि अभी तय नहीं है।