Uttarakhand News 23 Sep 2026: कोतवाली क्षेत्र के गांव शांतरशाह में बीते 14 सितंबर शाम को दुकान पर बैठे 26 वर्षीय बाइक मिस्त्री हैप्पी की तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के एक सप्ताह बाद भी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और हत्याकांड का खुलासा नहीं होने से नाराज भीम आर्मी जय भीम संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कोतवाली का घेराव किया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंकुश शेरवाल ने कहा कि हैप्पी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद भी पुलिस अभी तक हत्यारोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। इससे क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार
पुलिस के मुताबिक, शांतरशाह निवासी हैप्पी (26) की गांव में बनी मार्केट में बाइक मैकेनिक की दुकान थी। सोमवार करीब सवा सात बजे हैप्पी दुकान पर बैठे हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दो नकाबपोश लोग कॉलोनी की तरफ से होते हुए दुकान पर पहुंचे और हैप्पी पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
करीब दो गोली लगने से हैप्पी वहीं गिर पड़ा। दोनों बदमाश घटना को अंजाम देने के बाद जंगल की तरफ से भाग निकले। जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। हैप्पी को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसपी क्राइम निशा यादव, एसएचओ अमरजीत सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। मौके से साक्ष्य जुटाए। मौके से पुलिस को खोखे कारतूस बरामद हुए हैं।पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिलेभर में चेकिंग अभियान शुरू किया, लेकिन देर रात तक कुछ पता नहीं चल पाया। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह भी स्पष्ट नहीं हो पाई है।










