Uttarakhand News 07 Mar 2026: जनगणना-2027 को लेकर देहरादून नगर निगम क्षेत्र में तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इस बार जनगणना शहर के डिजिटल खाके के आधार पर की जाएगी, इसलिए शहर में नए सिरे से ब्लाक निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नगर निगम क्षेत्र के नक्शों को डिजिटल रूप से तैयार किया जा रहा है। नगर निगम ने पूरे शहर को पांच जोन में बांटते हुए प्रत्येक जोन में एक अधिकारी की तैनाती कर दी है।
नगर निगम क्षेत्र में जनगणना कार्य की प्रभारी नगर आयुक्त होंगीं। इस बार पूरा जनगणना कार्य मोबाइल एप पर आधारित होगा। जोन स्तर पर तैनात अधिकारियों के अधीन निगम के सफाई सुपरवाइजर और निरीक्षकों की टीम काम करेगी। फिलहाल डिजिटल ब्लाक के नक्शे तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है।
पिछली प्रस्तावित जनगणना 2020-21 के दौरान नगर निगम क्षेत्र को पांच जोन में बांटकर कुल 1428 ब्लाक बनाए गए थे। हालांकि, अब जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होने के कारण पुराने ब्लाकों को निरस्त कर नए सिरे से ब्लाक बनाए जाएंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम स्तर पर नए डिजिटल नक्शे तैयार किए जा रहे हैं।
जनगणना-2027 के लिए नगर निगम क्षेत्र को पांच जोन में विभाजित किया गया है। हर जोन में एक-एक अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन अधिकारियों के अधीन निगम के सुपरवाइजर और निरीक्षक कार्य करेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि डिजिटल जनगणना को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी के साथ कार्य किया जाए।
पांच जोन में 1500 से अधिक ब्लाक संभव
नगर निगम के अनुसार, शहर के पांच जोन में 1500 से अधिक ब्लाक बनाए जा रहे हैं। जिसके हिसाब से प्रत्येक जोन में 300 से अधिक ब्लाक शामिल होंगे। एक ब्लाक में लगभग 750 से 800 की आबादी को शामिल किया जाएगा। शहर की आबादी तेजी से बढ़ने और नगर निगम के सीमा विस्तार के कारण इस बार ब्लाकों की संख्या पहले की तुलना में अधिक होगी।
नगर निगम क्षेत्र में जनगणना की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पूरे शहर को पांच जोन में बांटा गया है और प्रत्येक जोन में एक अधिकारी की तैनाती की गई है। उनके अधीन कर्मचारियों की टीम काम करेगी। उन्होंने कहा कि शहर की आबादी में तेजी से वृद्धि हुई है, इसलिए इस बार ब्लाकों की संख्या भी बढ़ सकती है।










