Uttarakhand News 25 Nov 2026: रुड़की। मंगलवार देर रात मेन बाजार में बाटा शोरूम के पास बाइक और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार देर रात बाजार में बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने स्कूटी सवार अर्श (28), निवासी दद्देडू, मुजफ्फरनगर तथा बाइक सवार मोनू दिवाकर (30), निवासी अंबर तालाब, कोतवाली गंगनहर को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में बाइक सवार घायल अजीम निवासी निराला, थाना सिखेड़ा, मुजफ्फरनगर का उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार अर्श रुड़की में रहकर एक निजी फार्मेसी कॉलेज से पढ़ाई कर रहा था। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
—









