Uttarakhand New 4 Sep 2026: गांव के मंदिर मेें चल रहे धार्मिक कार्यक्रम से किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चंद घंटों के भीतर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। चाैथे आरोपित की तलाश में दबिश दी जारी है।

पुलिस के मुताबिक, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुधवार रात उनके गांव में धर्मस्थल पर एक धार्मिक कार्यक्रम आयोजन चल रहा था। उनकी नाबालिग बेटी भी वहां गई थी।

आरोप है कि एक युवक उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ धार्मिक स्थल के बराबर में सुनसान जगह पर ले गया। युवक ने अपने तीन साथियों को भी मौके पर बुला लिया। जहां चारों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपितों ने किशोरी को किसी को घटना के बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

किसी तरह किशोरी अपने घर पहुंची और स्वजन को घटना की जानकारी दी। स्वजन किशोरी को कोतवाली लेकर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में एसएसआई नितिन चौहान व महिला उपनिरीक्षक प्रियंका नेगी की पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित अनिल सैनी, शुभम सैनी व साहिल को गिरफ्तार कर लिया।

सीओ देवेंद्र सिंह नेगी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार चौथे आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।