Uttarakhand News 22 Sep 2026: देहरादून सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में कहासुनी के बाद यूपी के पीलीभीत जिले के निवासी जितेंद्र कुमार ने राजपाल (25) के सीने में चाकू मार दिया। गंभीर रूप से घायल राजपाल को पुलिस ने एंबुलेंस से झाझरा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी जितेंद्र कुमार मौके से फरार हो गया।

थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, सोमवार देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल जमनपुर पहुंची और घायल राजपाल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास ही रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई।

थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों ने शराब पी रखी थी। विवाद बढ़ने पर जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, राजपाल और जितेंद्र के बीच करीब 10-15 दिन पहले भी पीने-खाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।