Uttarakhand News 23 July 2026: धर्मानगर हरिद्वार में कांवड़ के कई रंग दिखने लगे हैं। बुधवार को आस्था के साथ सामाजिक संदेश की खूबसूरत तस्वीर भी नजर आई।
अलीगढ़ के एक दंपती अपनी कांवड़ में गंगाजल के साथ नारी सम्मान और बेटी बचाओ का संदेश को आगे बढ़ रहे हैं। इस दंपती को हरिद्वार से अलीगढ़ तक 300 किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी है।
अलीगढ़ जनपद के बिलखोरा गांव निवासी संजू बाबा अपनी कांवड़ के एक छोर पर मां गंगा का पवित्र जल और दूसरे छोर पर अपनी 10 वर्षीय भांजी को बैठाकर ले जा रहा है।
जबकि संजू बाबा की पत्नी बीना देवी अपनी अलग कांवड़ में एक ओर गंगाजल और दूसरी ओर आठ वर्षीय पुत्री राधा को बैठाकर भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए रवाना हुई हैं। यह कांवड़ आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराध चिंता का विषय
संजू बाबा का कहना है कि बेटी ही सृष्टि का आधार है। यदि बेटियां सुरक्षित और सम्मानित रहेंगी, तभी समाज और संस्कृति सुरक्षित रहेंगे।उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या, दहेज और महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराध चिंता का विषय हैं। ऐसे में बेटियों को सम्मान देना और बचपन से संस्कार देना हर परिवार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आज मंदिरों में होने वाली चोरी जैसी घटनाएं भी संस्कारों के क्षरण का परिणाम हैं। बच्चों को धर्म, सेवा, करुणा और नारी सम्मान की शिक्षा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
संजू बाबा ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने अपनी वृद्ध मां को कांवड़ में बैठाकर 300 किलोमीटर की यात्रा की थी। इस बार वे अपनी पत्नी के साथ बेटी बचाओ, बेटी सम्मान का संदेश लेकर निकले हैं। उन्होंने बताया कि अपने गुरु बाबा मंगलनाथ की प्रेरणा से वे समाज सेवा और सनातन संस्कारों के प्रचार का संकल्प निभा रहे हैं।










