Uttarakhand New 2 Sep 2026: दो दिनों से पहाड़ी क्षेत्रों व पछवादून में हो रही भारी बारिश से मंगलवार को यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया। नदी में पानी बढ़ने के साथ ही तहसील प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया। उधर टौंस नदी में अभी जलस्तर सामान्य है। इसके अतिरिक्त पछवादून व जौनसार बावर क्षेत्र में पहाड़ों से पत्थर, मिट्टी व मलबा गिरने के कारण छह मोटर मार्गों पर यातायात ठप रहा।

क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण यमुना नदी में पानी का स्तर बढ़ गया है। बताते चलें यमुना नदी में खतरे का स्तर 455.37 मीटर पर है, जबकि फिलहाल नदी में पानी खतरे के स्तर 455.37 मीटर पर पानी बह रहा है। डाकपत्थर बैराज से 368.36 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके अलावा टौंस नदी में खतरे का स्तर 644.75 मीटर पर है और नदी में 644.65 मीटर पर पानी बह रहा है। नदी पर बने इच्छाड़ी बांध से 261.91 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया है।

उधर पहाड़ों से गिर रहे पत्थर व मलबे के कारण पछवादून और जौनसार बावर के छह मोटर मार्ग बंद रहे। जिनमें लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड देहरादून का बाढ़वाला-जुड्डो मोटर मार्ग, पीएमजीएसवाई कालसी का बाढ़वाला-जुड्डो मोटर मार्ग, मैंद्रथ-कथियान-बिरनाड़ मोटर मार्ग, लोक निर्माण विभाग अधिशासी खंड साहिया का शहीद सुरेश तोमर मोटर मार्ग, समरसेंज मोटर मार्ग, बेसोगिलानी से जोशी-हमरौ मोटर मार्ग शामिल हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता नीरज त्रिपाठी ने बताया कि बंद मोटर मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई है। शीघ्र ही यातायात को सुचारू करा लिया जाएगा।