Uttarakhand News 20 June 2026: शक्तिफार्म निवासी महिला को जबरन लिव-इन रिलेशनशिप में रहने का दबाव बनाने, धमकाने और विरोध करने पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा तथा एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस ने शांति विहार, सिंह कालोनी, रुद्रपुर निवासी अजय रस्तोगी को शक्तिफार्म स्थित सुखी नदी पुल के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित से पूछताछ की और उसे न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
तमंचे से फायर कर दिया
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपित पीड़िता पर उसके साथ रहने का दबाव बना रहा था। महिला द्वारा स्पष्ट रूप से इंकार किए जाने पर वह उससे रंजिश रखने लगा और लगातार जान से मारने की धमकियां देने लगा।
बताया गया कि 12 जून को पीड़िता अपनी मां माया मंडल के साथ बाजार से घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपित बाइक से वहां पहुंच गया और दोनों को रास्ते में रोक लिया।
आरोप है कि उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला द्वारा विरोध जताने पर उसने तमंचे से फायर कर दिया। गोली महिला के सीने को छूते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई।
घटना के बाद पीड़िता की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी। मामला पंजीकृत होने के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे शक्तिफार्म स्थित सुखी नदी पुल के निकट से धर दबोचा।
पुलिस ने बताया कि आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगदीश चंद्र तिवारी, हरीश चंद्र, प्रेम कनवाल, भूपाल सिंह शामिल रहे।










