Uttarakhand News 5 June 2026: यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे एक तीर्थयात्री की गुरुवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बलबीर सिंह(45) पुत्र जयपाल सिंह, निवासी ग्राम मोल्डा, बड़कोट(उत्तरकाशी) गुरुवार को यमुनोत्री धाम की यात्रा पर निकले थे। यात्रा के दौरान राम मंदिर से आगे नौ कैंची के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत हो कर गिर गए।
एसडीआरएफ व साथी यात्रियों ने उन्हें तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अखिल राणा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान मृतकों की संख्या 17 पहुंच गई है।










