Uttarakhand News 16 May 2026: दिनांक 15/05/2026 को विकास खण्ड लमगड़ा सभागार में भारती स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान हवालबाग अल्मोड़ा(RSETI) द्वारा ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के सहयोग से आयोजित 31 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्य विकास अधिकारी श्री रामजीशरण शर्मा जी के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा० ब्लॉक प्रमुख श्री त्रिलोक सिंह रावत जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला मुख्य विकास अधिकारी श्री रामजीशरण शर्मा जी, मा० ब्लॉक प्रमुख श्री त्रिलोक सिंह रावत जी एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं प्रार्थना के साथ किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं एवं ग्रामीण प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के प्रारम्भ में RSETI हवालबाग के निदेशक श्री राकेश रोशन विश्वकर्मा जी द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना संस्थान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिलाई से संबंधित व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी, जिससे वे भविष्य में स्वयं का रोजगार स्थापित कर सकें।
जिला मुख्य विकास अधिकारी श्री रामशरण शर्मा जी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिलाई प्रशिक्षण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता एवं अनुशासन के साथ पूर्ण करने तथा प्राप्त कौशल का उपयोग आजीविका संवर्धन में करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि मा० ब्लॉक प्रमुख श्री त्रिलोक सिंह रावत जी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में इस प्रकार के प्रशिक्षण अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं घर बैठे रोजगार स्थापित कर सकती हैं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं। उन्होंने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना एवं RSETI द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
खण्ड विकास अधिकारी श्रीमती निवेदिता खुल्वे जी ने कहा कि ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना एवं NRLM के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने हेतु प्रेरित किया।
जिला परियोजना प्रबंधक श्री राजेश मठपाल जी ने कहा कि कौशल विकास प्रशिक्षण ग्रामीण महिलाओं के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के बाद स्वरोजगार स्थापित कर अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करने की अपील की।
सहायक प्रबंधक श्री संदीप सिंह जी ने अपने वक्तव्य में कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यवहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ कार्य कर सकें।
फैकल्टी श्री हरीश सती जी ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिलाई मशीन संचालन, विभिन्न प्रकार के परिधानों की सिलाई, डिजाइनिंग एवं स्वरोजगार प्रबंधन से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर श्रीमती ममता बिष्ट एवं श्री प्रकाश जोशी जी द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। दोनों प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सहायक खण्ड विकास अधिकारी श्री हरीश सुयाल जी, समस्त रीप एवं NRLM स्टाफ, CLF स्टाफ सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।










