Uttarakhand News 16 May 2026: हल्द्वानी। पेट्रोल-डीजल के दाम और परिचालन लागत में बढ़ोतरी होने के चलते ट्रांसपोर्ट कारोबारियों पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में वे पर्वतीय मार्गों पर माल भाड़े में इजाफा किया जा सकता है। देवभूमि ट्रांसपोर्ट महासंघ इस संबंध में बैठक करने जा रहा है। इसमें किराये में आठ से 10 प्रतिशत की संभावित बढ़ोतरी को लेकर फैसला लिया जाएगा।
प्रदेश प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा और प्रदेश प्रभारी दया किशन शर्मा ने बताया कि पेट्रोल-डीजल के निरंतर बढ़ते मूल्यों और लुब्रिकेंट्स की महंगाई ने परिवहन व्यवसायियों की कमर तोड़ दी है।
महासंघ अध्यक्ष राकेश जोशी और देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ट्रांसपोर्ट नगर अध्यक्ष जसपाल सिंह कोहली ने बताया कि वाहन निर्माण सामग्री से लेकर रखरखाव तक प्रत्येक वस्तु की कीमत में भारी वृद्धि हुई है। एंगल, लोहा, पत्ती, चादर, बैटरी, स्पेयर पार्ट्स, ग्रीस, लुब्रिकेंट्स और डीजल एग्जास्ट फ्लूड (डीईएफ) के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसे में जल्द बैठक आयोजित कर पर्वतीय मार्गों पर किराये में बढ़ोतरी को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
अभी कितना है किराया
वर्तमान में हल्द्वानी से अलग-अलग पर्वतीय मार्ग पर अलग-अलग किराया लिया जाता है। हल्द्वानी से अल्मोड़ा तक 100 रुपये प्रति क्विंटल, बागेश्वर तक 150 रुपये प्रति क्विंटल, बेरीनाग तक 160 रुपये प्रति क्विंटल, मुनस्यारी-धारचूला तक 300 रुपये प्रति क्विंटल, देवाल तक 180 रुपये प्रति क्विंटल किराया लिया जाता है।
पांच घंटों तक शहर के पेट्रोल पंपों में नहीं मिला ईंधन, परेशान रहे लोग
शहर के कुछ पेट्रोल पंपों में शुक्रवार को चार से पांच घंटों के लिए पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति ठप रही। खास तौर पर नैनीताल रोड स्थित कुछ पेट्रोल पंपों में सुबह से दोपहर तक ईंधन नहीं मिला।
वहीं कुछ में सिर्फ प्रीमियम पेट्रोल ही उपलब्ध था, जो सामान्य पेट्रोल से नौ रुपये महंगा है। इस वजह से लोगों को अन्य पेट्रोल पंपों का रुख करना पड़ा। हालांकि, शाम तक इन पेट्रोल पंपों को आपूर्ति हो गई। पर्वतीय पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र चड्ढा ने बताया कि शहर में ईंधन की आपूर्ति सामान्य है।
कुछ देर के लिए आपूर्ति प्रभावित हुई। बता दें कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी भी की गई है। इसके बाद शुक्रवार को हल्द्वानी में पेट्रोल की कीमत प्रति लीटर 95.42 रुपये और डीजल का मूल्य 90.64 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई।










