Uttarakhand News 22 May 2026: हल्द्वानी। तराई-भाबर क्षेत्र में भीषण गर्मी के प्रकोप से हर कोई बेहाल है। तापमान में वृद्धि होने के साथ ही लू के थपेड़े लोगों को सता रहे हैं। मैदानी इलाकों में जारी मौसम की मार के बीच पारे का मीटर गुरुवार को 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच चुका है।
हल्द्वानी सहित आसपास क्षेत्र में यह सीजन का सर्वाधिक पारा है। इससे पहले 18 अप्रैल को क्षेत्र का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ऐसे में पारा उच्चतम स्तर पर पहुंचने से क्षेत्रवासियों की परेशानी भी बढ़ गई है।
इधर, आगामी एक सप्ताह फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इसे लेकर पूर्वानुमान जारी किया है। जिसमें 27 मई तक मैदानी क्षेत्रों में माैसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में दिन का पारा 42 डिग्री के पार पहुंचने का अनुमान जताया गया है।
हल्द्वानी के पारे में हर घंटे एक डिग्री की वृद्धि
हल्द्वानी क्षेत्र में सुबह से ही सूरज अपने तेवर दिखा रहा है। सुबह करीब 10 बजे से तापमान 35 डिग्री तक पहुंच रहा है। इसके बाद दिन चढ़ने के साथ ही शाम तीन बजे तक प्रतिघंटे एक डिग्री की दर से तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। हालांकि, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तिकोनिया और काठगोदाम के पारे में दो डिग्री का अंतर
भीषण गर्मी का प्रकोप हल्द्वानी के आसपास के इलाकों में बना हुआ है। लेकिन, क्षेत्र के सबसे व्यस्त तिकोनिया चौराहे और कोठागोदाम स्थित नरीमन चौराहे के पारे की तुलना करें तो इसमें दो डिग्री का अंतर देखने को मिलता है।
गुरुवार को दोपहर 12 बजे इन दोनों इलाकों का पारा देखा गया तो तिकोनिया का तापमान 40 डिग्री के करीब था। जबकि, काठगोदाम क्षेत्र में पारा 38 डिग्री के करीब चल रहा था। वहीं, रात के समय भी पहाड़ों से लगे इस इलाके में नगर की अपेक्षा अधिक राहत महसूस की जा रही है।










