Uttarakhand News 22 May 2026: रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इस वर्ष आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है। यात्रा शुरू होने के साथ ही बाबा केदार के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ धाम पहुंच रही है।
प्रतिदिन 28 से 30 हजार श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर रहे हैं। यात्रा के पहले 30 दिनों में ही साढ़े सात लाख से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं, जो गत वर्ष की तुलना में लगभग 30 हजार अधिक हैं।
इस वर्ष 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। तभी से मंदिर परिसर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिल रही हैं।
यात्रा के दौरान अब तक 28375 श्रद्धालु हेलीकाप्टर सेवा के माध्यम से धाम पहुंचे हैं। घोड़ा-खच्चर सेवाओं के जरिए भी डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे हैं।
हेली सेवा से ही अब तक करीब 28 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यापारियों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
अनुमान है कि यात्रा के एक महीने के भीतर ही 200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हो चुका है। यात्रा शुरू होने के बाद से ही डीएम विशाल मिश्रा व्यवस्थाओं की लगातार मानिटरिंग कर रहे हैं।
एक दिन में बदरीनाथ धाम पहुंचे 26 हजार से अधिक श्रद्धालु
देहरादून। चारधाम यात्रा अपने उत्कर्ष की की ओर है। अब तक चारों धाम में लगभग 19 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
गुरुवार को बदरीनाथ धाम 26 हजार 711 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जो कि इस यात्राकाल के दौरान एक दिन में दर्शन करने वालों की सबसे बड़ी संख्या है।
इसी तरह यमुनोत्री धाम में भी गुरुवार को पहली बार सर्वाधिक 16 हजार 694 श्रद्धालु पहुंचे। इससे पहले 18 मई को 16 हजार 136 श्रद्धालुओं ने यमुनोत्री धाम में दर्शन किए थे।
इस बार चारधाम यात्रा में नित नए रिकार्ड बन रहे हैं। केदारनाथ धाम में कपाट खुलने के मौके पर ही 38 हजार श्रद्धालु पहुंचे थे, जो कि केदारनाथ यात्रा के इतिहास में एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है।
गुरुवार को चारों धाम में 87 हजार 277 श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे। इस यात्राकाल का एक दिन में यह भी सबसे बड़ा आंकड़ा है। औसत देखें तो लगभग 60 हजार श्रद्धालु प्रतिदिन चारों धाम में दर्शन कर रहे हैं।
शुक्रवार को खुलेंगे लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट
गोपेश्वर। चमोली जिले की भ्यूंडार घाटी में स्थित लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शुक्रवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। वहीं, गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब कपाट खोलने की तैयारियां भी पूरी हो गई हैं।
2,000 से अधिक श्रद्धालुओं का पहला जत्था आज गोविंदघाट से बेस कैंप घांघरिया पहुंचेगा। 23 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट खोल दिए जाएंगे।
नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के मुख्य अधिशासी अधिकारी आशीष चौहान ने हेमकुंड साहिब के पास बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण किया। इस हेलीपैड से हेलीकाप्टर संचालन के लिए एविएशन विभाग से हरी झंडी मिलनी बाकी है।










