हल्द्वानी, 24 सितंबर 2022: ड्यूटी से घर लौटते समय एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान इंजीनियर ने दम तोड़ दिया।

मुखानी थानाक्षेत्र के भगवानपुर बिचला निवासी विनोद कुमार (44) हीरानगर क्षेत्र स्थित कंस्ट्रक्शन कंपनी में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनके भाई प्रमोद ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे विनोद रामनगर में साइट पर काम देखने के बाद घर लौट रहे थे। उसी दौरान बैलपड़ाव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों ने घायल के फोन से परिजनों को सूचना दी और विनोद को मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रमोद ने बताया कि जहां विनोद ने दम तोड़ दिया। इधर, विनोद की मां कमला देवी, पत्नी पूनम आर्या, बेटे रौनक और बेटी प्रत्याशा का रो-रोकर बुराहाल है।