Uttarakhand News 23 July 2026: उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) के चर्चित पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए दोषी पाए गए सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। विवि अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुट गया है।
शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के निदेशक प्रो. टीएस सिद्धू ने बताया कि प्रकरण सामने आते ही संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनका इंक्रीमेंट रोक दिया गया था। संस्थान और विश्वविद्यालय की संयुक्त जांच में आरोप पुष्ट होने के बाद उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
विवि की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर ने बताया कि मामले में कानूनी राय ली जा रही है और अब कानूनी कार्रवाई के तहत प्राथमिकता दर्ज कराई जाएगी। साथ ही, आरोपी शिक्षक को सात वर्षों के लिए विवि की सभी परीक्षा संबंधी गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के जरिए छात्रों तक पहुंचाए। इसके चलते दोनों परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं, जिनका पुनः आयोजन अगस्त के तीसरे सप्ताह में किया जाएगा। विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे प्रकरण में संलिप्त सभी व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी और निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी।










