Uttarakhand News 15 April 2026: देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर के उद्घाटन के कुछ ही घंटों बाद इस मार्ग पर यात्रियों का उत्साह साफ दिखाई देने लगा।

नई सड़क पर पहली बार सफर करने वाले यात्रियों के चेहरों पर संतोष और आश्चर्य दोनों दिखे, क्योंकि वर्षों से लंबी, थकाऊ और जाम से भरी यात्रा अब कहीं अधिक सहज और तेज अनुभव में बदलती नजर आई।

दैनिक जागरण टीम ने उद्घाटन के लगभग पांच घंटे बाद आशारोड़ी चेकपोस्ट पर पहुंचने वाले यात्रियों से बातचीत की। दक्षिण दिल्ली निवासी रोहित मलिक ने बताया कि वह अक्षरधाम से केवल दो घंटे 40 मिनट में देहरादून पहुंच गए। उन्होंने कहा कि पूरे मार्ग में कहीं भी रुकना नहीं पड़ा, वाहन लगातार समान गति से चलता रहा और सफर अपेक्षा से कहीं अधिक सहज लगा। वह दिल्ली पुलिस में कांस्टेबिल हैं और अपनी पत्नी प्रियंका के साथ देहरादून केवल नये एक्सप्रेसवे पर घूमने के इरादे से आए हैं।

नई सड़क ने बदल दिया सफर
दिल्ली के शाहदरा निवासी शुभम चौधरी ने बताया कि नई सड़क ने यात्रा की पूरी धारणा बदल दी है। उनके अनुसार, पहले जहां दिल्ली से देहरादून पहुंचने में पांच से छह घंटे लग जाते थे, वहीं अब समय में उल्लेखनीय कमी आई है। रास्ते में न जाम मिला, न कोई बाधा। शुभम अपने परिवार के साथ मसूरी घूमने के लिए आए हैं।

वहीं, यमुनानगर, हरियाणा निवासी अंकुर पोहान बताया कि वह यमुनानगर से दो घंटे में दून पहुंच गए। सड़क पर वाहन बिना तनाव के सरपट दौड़ते रहे। यात्रियों का कहना है कि यह कारिडोर केवल दिल्ली-दून की दूरी कम नहीं कर रहा, बल्कि यात्रा को अधिक भरोसेमंद और सुविधाजनक बना रहा है।

पहले जिन यात्राओं की योजना समय देखकर बनानी पड़ती थी, अब वही मार्ग कहीं अधिक पूर्वानुमेय और आरामदायक हो गया है। पहले ही दिन यह स्पष्ट दिखा कि यह कारिडोर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच आवागमन को नई रफ्तार देने वाला साबित होगा।