Uttarakhand News 15 April 2026: पिथौरागढ़। जनपद में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां मोबाइल ऐप यूनो को दोबारा सक्रिय करने के नाम पर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर पीड़ित के बैंक खाते से करीब 7.70 लाख रूपए उड़ा लिए।
जानकारी के अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति ने पीड़ित से संपर्क कर यूनो ऐप को पुनः चालू करने का झांसा दिया और इसी बहाने धोखे से उसके बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपी ने खाते से बड़ी रकम निकाल ली। इस संबंध में थाना नाचनी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपित तरुण नस्कर, निवासी 24 परगना (पश्चिम बंगाल) के खिलाफ थानाध्यक्ष नाचनी मंगल सिंह नेगी द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के अंतर्गत नोटिस तामील कराया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी अनजान कॉल या ऐप से संबंधित जानकारी साझा करने से बचें, ताकि इस तरह की साइबर ठगी से सुरक्षित रहा जा सके।










