Uttarakhand News 10 अक्टूबर 2022 नई टिहरी: द्रौपदी का डांडा-2 हिमस्खलन हादसे में टिहरी जिले के चंबा के पर्वतारोही सतीश की मौत भी हुई है। उनकी मौत से पूरा क्षेत्र और परिवार गम में डूब गया है। जैसे ही अभी सतीश की मौत की सूचना मिली तो सभी इस खबर को सुनकर गमगीन हो गए।

27 पर्वतारोहियों के शव बरामद: द्रौपदी का डांडा चोटी पर हुए हिमस्खलन की चपेट में आकर लापता दो पर्वतारोहियों की तलाश में खोज अभियान जारी है। उत्तरकाशी में मौसम खुलते ही प्रशिक्षु पर्वतारोहियों के शव को निकालने के लिए हेली रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया। द्रौपदी का डांडा बेस कैंप से 10 शव को हवाई सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए मातली हेलीपैड पहुंचाया गया। अब तक 27 पर्वतारोहियों के शव बरामद हो चुके हैं। सात शवों को शनिवार को द्रौपदी का डांडा बेस कैंप से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया। वहीं द्रौपदी का डांडा क्षेत्र में हिमपात होने से अभियान दल की चुनौती बढ़ गई है।

सतीश के शव से लिपटकर माँ व अन्य स्वजन रो पड़े। वहीं, इस घटना को देखकर हर किसी की आंखो में आंसू आ गए। मृतक का अंतिम संस्कार आज सोमवार को कोटेश्वर स्थित पैतृक घाट पर किया जाएगा। द्रौपदी का डांडा-2 हिमस्खलन हादसे में लापता चल रहे सतीश की रविवार सुबह मौत की खबर से पूरा क्षेत्र और परिवार गम में डूब गया। हिमस्खलन हादसे की सूचना मिलने के बाद से चंबा सहित आसपास के लोग सतीश के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे थे कि वह सलामत रहे। लेकिन विधाता को तो कुछ और ही मंजूर था। बीते मंगलवार को हादसे के बाद जब परिवार को सतीश के लापता होने की सूचना मिली, तो परिजन अगले ही दिन उत्तरकाशी पहुंच गए। उन्हें एक चमत्कार की उम्मीद थी कि उनका बेटा सहित दल के अन्य सदस्य सकुशल लौट आएंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

रविवार को हेलिकॉप्टर से मातली हैलीपैड लाए गए दस शवों की शिनाख्त हुई तो एक शव सतीश रावत का निकला। रविवार सायं को सतीश का शव नगर स्थित आवास पर पहुँचते ही माहौल गमगीन हो गया। सतीश की मां बेटे के शव से चिपककर रो पड़ी। वह बार बार बेसुध हो रही है। पिता, बहन और छोटे भाई के आंखों से भी आंसू रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं।

सतीश अपने पीछे मां, पिता, एक भाई-बहन को छोड़ गया। सतीश के पिता ने बताया कि सतीश एक मेहनती और प्रतिभावान था, जिसे पर्वतारोहण के क्क्षेत्र में कई नए आयाम छूने थे।

बताते चलेें कि सतीश रावत को बचपन से ही पर्वतारोहण का शौक था। स्नातक की पढ़ाई के बाद सतीश ने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) से एडवेंचर में एडवांस कोर्स करने के लिए संस्थान में दाखिला लिया था। इन दिनों वह दल के साथ द्रौपदी के डांडा में गया हुआ था। सतीश इससे पहले भी द्रौपदी का डांडा में प्रशिक्षण ले चुका था। सतीश के पिता शूरवीर सिंह रावत की नगर में फर्निचर की दुकान है।

एक महीने बाद है बहन की शादी: सतीश की छोटी बहिन की शादी एक महीने बाद है। इसके लिए घर में शादी की तैयारियां खूब जोरों पर की जा रही हैं। सतीश भी अपनी बहन की शादी को लेकर व्यवस्थाओं में जुटा हुआ था। शादी में शामिल होने के लिए सतीश को छुट्टी लेकर घर आना था।