Uttarakhand News 02 May 2026: वीकेंड पर यातायात दबाव को देखते हुए शनिवार व रविवार को हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा।
इस दौरान सुबह नौ से रात 10 बजे तक इन रूटों पर भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।वहीं पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को सुबह आठ से रात नौ बजे तक पर्वतीय क्षेत्रों में ही रोक लिया जाएगा।
शनिवार व रविवार को बरेली रोड से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर से नरिमन तिराहा से पर्वतीय क्षेत्र को भेजा जाएगा। वहीं रुद्रपुर-पंतनगर से आने वाले वाहनों को लालकुआं से होते हुए तीनपानी फ्लाईओवर वाया गौलापार रोड होते हुए नरिमन तिराहा को भेजा जाएगा। रामनगर से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी तिराहा होते हुए मंगोली मार्ग से भेजा जाएगा। जबकि पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहनों को नरिमन तिराहा से गोलापार रोड होते हुए भेजा जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्र में शाम चार बजे के बाद विशेष डायवर्जन
पर्वतीय क्षेत्र में शाम चार बजे से नौ बजे तक विशेष डायवर्जन रहेगा। जिसमें भवाली मस्जिद तिराहा, नैनीताल से मैदानी क्षेत्र की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को रूसी-एक बैंड व रूसी बाईपास द्वितीय से डायवर्ट कर रूसी बाईपास प्रथम से होते हुए मंगोली से जाते हुए कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।
जिले के अंदर इन स्थानों पर पार्क किए जाएंगे भारी वाहन
नंबर 01 बैंड से पीछे सड़क के बाईं ओर, एचएमटी क्षेत्र, पुलिस चौकी सलड़ी क्षेत्र, अमृतपुर मोड़ व मैगी प्वाइंट के पास।
मैदानी क्षेत्र में इन जगह पार्क किए जाएंगे भारी वाहन
गौलापार क्षेत्र में पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर डिवाइडर से पीछे भारी वाहनों को रोका जाएगा, खेड़ा चौकी से आगे भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।










