Uttarakhand News 9 June 2026: हल्द्वानी के बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र के शनिबाजार रोड स्थित इंदिरानगर रेलवे क्रासिंग बरसाती के पास सोमवार की शाम 6:30 बजे तेज रफ्तार कैंटर ने ई स्कूटी सवार दो किशोरियों को टक्कर मार दिया। तेज टक्कर से स्कूटी चला रही शकीना स्कूटी के साथ बाएं तरफ गिरी जबकि पीछे बैठी आदिया (14) कैंटर के पिछले पहिए की चपेट में आ गई। पहिया उसके शरीर व सिर पर चढ़ गया। शोर सुनकर आसपास से सैकड़ों लोग पहुंचे और चालक को पकड़कर जमकर पीटा। पथराव से कैंटर के शीशे टूट गए। आनन फानन में पहुंची फोर्स ने चालक को हिरासत में लिया और कैंटर लेकर थाने पहुंची। डेढ़ घंटा तक रेलवे क्रासिंग-मंडी गेट तक जाम रहा।

मुरादाबाद निवासी अब्दुल रहमान की बेटी आदिया बकरीद की छुट्टी पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बनभूलपुरा के गौजाजाली निवासी अपने मामा शानू के यहां आई थी। बनभूलपुरा कोतवाली इंस्पेक्टर डीएस फर्त्याल ने बताया कि गौजाजाली से शानू की बेटी शकीना फातिमा अपनी ममेरी बन आदिया के साथ सोमवार की शाम स्कूटी से बाजार खरीदारी के लिए निकली। खरीदारी के बाद दोनों घर लौट रही थीं। शाम साढ़े छह बजे के करीब वह मंडी की तरफ से जैसे ही रेलवे फाटक के पहले पहुंची तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दिया। स्कूटी अनियंत्रित हो गई और आदिया सड़क की तरफ गिरी। वह कैंटर के पिछले पहिए के नीचे आ गई। जबकि स्कूटी चला रही शकीना बाए तरफ गिरी। उसे हल्की चोट आई।

उधर ममेरी बहन को इस स्थिति में देख वह सदमा में आ गई। घटना के तत्काल बाद हृदय विदारक हादसा देखकर लोगों का गुस्सा बढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए। चालक को वाहन से खींचा और पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच कुछ युवकों ने पथराव कर वाहन का शीशा तोड़ दिया। इसी बीच बनभूलपुरा कोतवाली के साथ ही मंडी चौकी पुलिस भी पहुंच गई। चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया और बनभूलपुरा कोतवाली ले आई। कैंटर को भी कोतवाली पहुंचाया गया। विवाद के कारण रेलवे फाटक से मंडी चौराहा तक वाहनों का जाम लग गया। लोग कैंटर के तेज रफ्तार पर चलने की बात कहते हुए इस मार्ग से भारी वाहनों के आवाजाही पर पाबंदी की मांग की। सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी मय फोर्स पहुंचे और लोगों को समझाकर रास्ता साफ कराया। उधर बालिका के शव काे पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। बालिका के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा।

कैंटर ने स्कूटी सवार दोनों बालिकाओं को टक्कर मारा और एक बालिका वाहन के पहिए के नीचे आ गई। उसकी मौत हो गई। वाहन कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।-अमित कुमार सैनी, सीओ हल्द्वानी

लोगों का गुस्सा बनाएं नो इंट्री वाहनों के रफ्तार पर लगे लगाम
घटना के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सीओ के साथ वार्ता में लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार से भारी वाहन गुजरते हैं। यह मार्ग भीड़भाड़ इलाके में है। महिलाएं, बच्चे सड़क पर खरीदारी करते हैं। इस मार्ग को नो इंट्री जोन बनाया जाए। भारी वाहनों को शनि बाजार के बजाए तीन पानी से मंडी की तरफ भेजा जाए। इस मार्ग पर आए दिन हादसा हो रहा है और प्रशासन के लोग खामोश बने हुए हैं।

बकरीद पर आई थी आदिया, गर्मी बढ़ी तो यही रूक गई

आदिया बकरीद पर्व पर अपने परिवार वालों के साथ मामा शानू के घर आई थी। यहां पूरे परिवार ने हंसी खुशी त्योहार मनाया। मुरादाबाद में गर्मी ज्यादा बढ़ी तो परिवार ने जून की पूरी छुट्टी बिताने का निर्णय लिया। एसटीएच में मामा शानू की आंखों से आंसू नहीं थम रहे थे। कहने लगे आदिया की मां को क्या जवाब दूंगा। इस घटना ने उन्हें सबसे ज्यादा आहत किया है। आदिया के पिता विदेशी में नौकरी करते हैं।

नो इंट्री बनाने के लिए कितनी मौतों का इंतजार

जनवरी में पनचक्की-मुखानी नो इंट्री मार्ग पर कैप्सूल से कुचलकर अमित की मौत हुई तो प्रशासन व पुलिस के अधिकारी खामोश रहे। अगले महीने 22 फरवरी को नो इंट्री में घुसकर कैंटर ने बुजुर्ग सुरेश चंद्र पांडेय को रौंदा तो कार्रवाई शुरू हुई। मजिस्ट्रेटी जांच हुई लेकिन कार्रवाई कागजों में अब तक दफन है। पुलिस ने नो इंट्री का प्लान बनाया लेकिन वह भी फाइलाें से बाहर नहीं निकल पाया।

इसी लापरवाही का नतीजा रहा कि 18 मार्च को फिर घटना हुई। तेज रफ्तार डंपर ने टीपीनगर चौराहा पर सड़क किनारे खड़े अनिल सिंह रौतेला को कुचल दिया। डंपर टक्कर मारने के बाद नो इंट्री जोन में ही भगा।