Uttarakhand News 2 Nov 2026: कैंची धाम जाने वाले रानीबाग-भीमताल मार्ग पर रात का सफर खतरे से खाली नहीं है। सड़क के तीखे मोड़ों से लेकर संकरे हिस्सों तक न रेडियम है और न रिफ्लेक्टर। ऐसे में रात के अंधेरे और सर्दियों में छाने वाले कोहरे के बीच वाहन चालकों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। अमर उजाला की टीम ने शुक्रवार देर रात करीब 2ः30 बजे जब इसकी पड़ताल की तब हकीकत सामने आई।
रानीबाग-भीमताल मार्ग पर सड़क सुरक्षा के इंतजामों की हकीकत डराने वाली है। रानीबाग-भीमताल मार्ग में पुल से आगे कई हेयर पिन बैंड और बॉटलनेक ऐसे हैं, जहां मोड़ की पहचान कराने के लिए न रेडियम लाइट लगी है और न रिफ्लेक्टर। सलड़ी के बाद स्थिति और गंभीर है। वाहन चालकों को अंधेरे में अंदाजे से मोड़ काटने पड़ रहे हैं। हैरानी यह है कि जिन स्थानों पर पहले रिफ्लेक्टर लगाए गए थे, वहां भी अब उनकी चमक गायब हो चुकी है। कई जगह पैराफिट की आड़ में लगे रिफ्लेक्टर इतने पुराने और धुंधले हो चुके हैं कि रात में दिखाई तक नहीं देते। कुछ स्थानों पर झाड़ियों ने इन्हें पूरी तरह ढक लिया है। वहीं, नई बनी सड़क पर सफेद पट्टी तक नहीं बनाई गई है। इससे सड़क की सीमा और मोड़ का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। यह स्थिति तब है जब जिले के बड़े अधिकारियों का आना-जाना इस मार्ग पर लगातार बहना रहता है।
रात में बढ़ रहा पर्यटकों का सफर
बीते दिनों कैंची धाम से लेकर वहां पहुंचने वाले रास्तों तक पर जाम की जो तस्वीर देशभर में गई उसके बाद से बड़ी संख्या में लोगों ने कैंची धाम न आने तक की बात कही थी। हालांकि उसके बाद पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार किया। वहीं अब पर्यटकों ने जाम से बचने के लिए रात का सफर शुरू कर दिया है। वर्तमान में बड़ी संख्या में लोग रात 12 बजे सुबह पांच बजे के बीच में यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा के अधूरे इंतजाम खतरे की घंटी बजा रहे हैं।
कबाड़ हुए ट्रैफिक मिरर
रानीबाग-भीमताल रोड में पुल के बाद से भीमताल तक बीच तीन-चार स्थानों पर ट्रैफिक मिरर (ब्लाइंड स्पॉट मिरर) पूर्व से लगे हुए हैं, लेकिन अब वह इस्तेमाल की हालत में ही नहीं हैं। कहीं कोई मिरर गलत दिशा में मुड़ा हुआ है तो कोई इतना गंदा हो चुका है कि उसका इस्तेमाल होना न होना बराबर है।
रानीबाग-भीमताल रोड में अभी सुधार कार्य के साथ साथ डामरीकरण कराया जा रहा है। डामरीकरण पूरा होने के बाद सड़क के दोनों ओर व्हाइट लाइन डलवाई जाएगी। इसके अलावा सड़क हादसों की रोकथाम के लिए चिह्नित स्थानों पर रिफ्लेक्टर, रेडियम लाइट और साइन बोर्ड लगाने का काम भी कराया जाएगा।-पीएस बृजवाल मुख्य अभियंता लोनिवि
हम सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इस मार्ग के लिए रिफ्लेक्टर, रेडियम लाइट और ट्रेफिक मिरर लगवाने का सुझाव दे चुके हैं। चूंकि यह सड़क लोनिवि के पास है लिहाजा इस व्यवस्था को लोनिवि ही कराएगी।










