Uttarakhand News 12 Aug 2026: हल्द्वानी शहर के रामपुर रोड हाइवे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार एसी मेकेनिक की मौत हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि स्कूटी सवार दो युवक छिटककर सड़क पर जा गिरे। पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और कार-स्कूटी को कब्जे में ले ली। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग निकला।
यूपीसीएल के 13 बीघा बिजलीघर में ठेकेदार के अधीन काम करने वाले मो.वाजिद का बेटा अर्शलान (21) एसी मेकेनिक था। मंगलवार की शाम वह अपने साथी मेकेनिक के साथ रुद्रपुर से लौट रहा था कि बेलबाबा के पास शहर से रुद्रपुर की ओर जा रही नोएडा नंबर की अर्टिगा कार ने सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी। इस बीच किसी ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया, जहां अर्शलान की मौत हो गई जबकि घायल हशलीन निवासी इंदिरानगर, बनभूलपुरा का हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंपा।
परिवार का बड़ा बेटा था अर्शलान
मृतक अर्शलान परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। पिता के साथ ही वह भी घर की जिम्मेदारी निभाता था। वह अविवाहित था। उसकी मौत से माता-पिता के साथ ही एक भाई और दो बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के दौरान यूपीसीएल के एसडीओ, जेई समेत कई कर्मचारी पहुंचे और लाइनमैन मो.वाजिद को ढांढस बंधाया।
घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। कार चालक के रामपुर के होने का पता चला है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।










