Uttarakhand News 27 April 2026: औद्योगिक क्षेत्र स्थित एचपीएम इन्फोटेक कंपनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक भीषण आग लग गई। कंपनी में पंखों के पार्ट्स बनाए जाते हैं, और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशम विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास शुरू किया गया।
जानकारी के मुताबिक, आग तेजी से फैली, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एफएसओ बीरबल सिंह ने बताया कि कंपनी के बाहर पड़े स्क्रैप में आग लगने से यह आग कंपनी के अंदर तक फैल गई।
उन्होंने बताया कि रविवार को अवकाश होने के कारण कंपनी में किसी कर्मचारी के मौजूद होने की सूचना नहीं है, जिससे किसी जनहानि की खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित अधिकारियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।










