Uttarakhand News 10 Aug 2026: भीमताल के ओखलकांडा में सोमवार दोपहर 1.30 बजे एक कृषि विभाग के उपकरण लेकर आ रहा कैंटर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा पलटा। कैंटर के खाई में गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सहायक कृषि अधिकारी, परिचालक और एक अन्य युवक घायल हो गया। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से ओखलकांडा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

ओखलकांडा के समाजसेवी प्रकाश नैनवाल ने बताया कि हादसे में कैंटर चालक कमल जोशी की मौत हो गई है। साथ ही सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता, रोहित कुमार और पंकज बिष्ट घायल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सहायक कृषि अधिकारी दीवान सिंह मेहता और पंकज बिष्ट को हल्द्वानी एसटीएच रेफर किया है। घटना की सूचना पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भी मौके पर रवाना हुए। कैड़ा ने जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने को कहा है। साथ ही घायलों को बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए हैं।