Uttarakhand News 23 May 2026: काशीपुर। कुमाऊं कालोनी कचनालगाजी निवासी वैष्णवी ने पिता पर उसके व मां के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कहा है कि पिता ने उसके पेट में लात मारी, इससे उसका डेढ़ माह का गर्भ मिस कैरिज हो गया।

काशीपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध गर्भपात, स्वेच्छा से चोट पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी कर ली है।

दस साल से रह रहे हैं अलग
तहरीर में वैष्णवी ने बताया है कि वह अपनी मां सरिता के साथ पिछले 10 वर्षों से पिता जीत प्रकाश से अलग रह रही हैं। 16 मई को पिता ने शराब पीकर उससे व मां से गाली-गलौज, मारपीट शुरू कर दी। पिता ने पेट में लात मार दी। 17 मई को अस्पताल में जांच कराने पर डाक्टर ने प्रेग्नेंसी मिस कैरेज होने की बात कहकर सफाई करवाने की सलाह दी।

पीड़िता का कहना है कि पिता पूर्व में भी कई बार मारपीट कर चुके हैं हर बार माफी मांगकर समझौता कर लेते हैं। कुछ दिन बाद फिर रवैया बदल जाता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।