Uttarakhand News 23 May 2026: हल्द्वानी। वीकेंड पर यातायात दबाव को देखते हुए शनिवार व रविवार को हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में विशेष यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। इस दौरान शहर में पर्यटकों के वाहनों की नो एंट्री रहेगी।
लालकुआं, रुद्रपुर से आने वाले पर्यटकों को गौलापार के रास्ते से जाना होगा। जबकि रामनगर व काशीपुर के रास्ते से आने वाले कालाढूंगी रोड होते हुए नैनीताल को जाएंगे।
सुबह छह से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश नहीं
पुलिस के अनुसार शनिवार व रविवार को बरेली रोड से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को तीनपानी फ्लाईओवर से नरीमन तिराहा से पर्वतीय क्षेत्र को भेजा जाएगा। वहीं रुद्रपुर-पंतनगर से आने वाले वाहनों को लालकुआं से होते हुए तीनपानी फ्लाईओवर वाया गौलापार रोड होते हुए नरीमन तिराहा को भेजा जाएगा।
रामनगर से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी तिराहा होते हुए मंगोली मार्ग से भेजा जाएगा। जबकि पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले वाहनों को नरीमन तिराहा से गोलापार रोड होते हुए भेजा जाएगा।
वहीं 23 व 24 मई की दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक सब्जी, ईंधन, दूध आदि आवश्यक सेवा वाले वाहन भी वर्जित रहेंगे। यात्रा रूट में सुबह छह से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पर्वतीय क्षेत्र में शाम चार बजे के बाद विशेष डायवर्जन
पर्वतीय क्षेत्र में शाम चार बजे से नौ बजे तक विशेष डायवर्जन रहेगा। इसमें भवाली मस्जिद तिराहा, नैनीताल से मैदानी क्षेत्र की ओर जाने वाले पर्यटक वाहनों को रूसी-एक बैंड व रूसी बाईपास द्वितीय से डायवर्ट कर रूसी बाईपास प्रथम से होते हुए मंगोली से जाते हुए कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।
जिले के अंदर इन स्थानों पर पार्क किए जाएंगे भारी वाहन
नंबर 01 बैंड से पीछे सड़क के बाईं ओर, एचएमटी क्षेत्र, पुलिस चौकी सलड़ी क्षेत्र, अमृतपुर मोड़ व मैगी प्वाइंट के पास।
मैदानी क्षेत्र में इन जगह पार्क किए जाएंगे भारी वाहन
गौलापार क्षेत्र में पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर डिवाइडर से पीछे भारी वाहनों को रोका जाएगा, खेड़ा चौकी से आगे भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।










