Uttarakhand News, 3 अक्टूबर 2022: समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की रविवार को अचानक से तबीयत बिगड़ गई। और वह खराब सेहत के चलते गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में ICU में कई दिनों से भर्ती हैं। जहां हॉस्पिटल के डॉक्टर लगातार मुलायम सिंह यादव की सेहत पर नजर रख रहे हैं। अभी भी मुलायम सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है।

उधर, जैसे ही मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब होने की जानकारी उनके चाहने वालों को मिली तो उनके शीघ्र स्वस्थ लाभ के लिए दुआओं का दौर शुरू हो गया। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी का एक छात्र आशुतोष सिंह तो अपनी किडनी मुलायम सिंह को देने के लिए तैयार है। इसके लिए आशुतोष सिंह गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल पहुंचा है।

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत लगभग तीन वर्ष से गड़बड़ चल रही है। वह महीने में कभी दो बार तो कभी एक बार जांच के लिए हॉस्पिटल में भर्ती होते रहे हैं। लेकिन, अगस्त महीने से उनकी हालत में लगातार गिरावट हुई है। मुलायम सिंह यादव को प्रोस्टेट से जुड़ी एक समस्या बताई जाती है। इस वजह से मुलायम सिंह लगातार मेदांता अस्पताल के विशेषज्ञों की निगरानी में रहते हैं।

इससे पहले मुलायम सिंह को 15 जून को मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जहां रोज जांच के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। इसके बाद से लगातार मुलायम सिंह को किसी न किसी तरह की समस्या बनी रही। मुलायम सिंह की पत्नी साधना गुप्ता के निधन के बाद उन्हें कई तरह की अन्य समस्याएं भी हो गई थीं। इस वजह से मुलायम सिंह ज्यादातर समय दिल्ली में रहे।

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती होने के बाद दिग्गज नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट (Tweet) कर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट (Tweet) कर जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। लंबे समय से बीमार चल रहे 82 साल के मुलायम का मेदांता हॉस्पिटल में डॉ. नितिन सूद और डॉ. सुशील कटारिया की निगरानी में इलाज चल रहा है। उन्हें जुलाई में भी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।