Uttarakhand News 26 Sep 2026: बागेश्वर । जिले में देर रात से हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बारिश के बीच रवाईखाल के समीप पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर आने से गरुड़-बागेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया।

मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मार्ग खोलने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की मशीनें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने में जुटी हैं। अधिकारियों के अनुसार सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आने के कारण यातायात सुचारु होने में तीन घंटे से अधिक समय लग सकता है।

बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, ट्रैकरों और पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए पिंडारी ग्लेशियर यात्रा भी दो दिन के लिए स्थगित कर दी गई है। रवाईखाल के समीप भारी मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने के बाद बीआरओ की टीम को मौके पर भेजा गया।

पिंडारी ग्लेशियर यात्रा दो दिन के लिए स्थगित
बालीघाट से लोडर मशीनें भी भेजी गईं। सड़क पर मलबे और बड़े पत्थरों की मात्रा अधिक होने के कारण इसे हटाने में समय लग रहा है। मार्ग के दोनों ओर यात्री और स्थानीय वाहन फंसे हैं। लगातार बारिश और संवेदनशील मार्गों को देखते हुए प्रशासन ने पिंडारी ग्लेशियर यात्रा को दो दिन के लिए स्थगित कर दिया है।

प्रशासन का कहना है कि यात्रियों और ट्रैकरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रा के संबंध में आगे निर्णय लिया जाएगा। बारिश के मद्देनजर जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि जिले के कई क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। उन्होंने लोगों से मौसम खराब रहने तक गैरजरूरी यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।