Uttarakhand News 24 Aug 2026: रविवार देर रात करीब 10 बजे बिरहा फार्म क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।

इसी दौरान एक युवक के दाएं पैर में पिस्टल से गोली मार दी गई, जबकि दो अन्य लोग भी मारपीट में घायल हो गए। गोली लगने से घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार भौना कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय ऋषिपाल पुत्र भूरे, बिरहा फार्म निवासी 27 वर्षीय अजय सिंह पुत्र ओमप्रकाश सिंह और रेंहटा निवासी 23 वर्षीय वंश राठौर को मारने के लिए चार-पांच लोग कार से बिरहा फार्म पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि वहां किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान पिस्टल से ऋषिपाल के दाएं पैर में गोली मार दी गई।

विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
वहीं अजय सिंह पर पिस्टल की बट से हमला किया गया, जबकि वंश राठौर के साथ भी मारपीट की गई। घटना में तीनों घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए बाजपुर के उप जिला चिकित्सालय लाया गया।

ऋषिपाल और अजय सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि वंश राठौर को निजी अस्पताल ले जाया गया। ऋषिपाल की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बरहैंनी चौकी प्रभारी सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। देर रात तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। घटना को लेकर पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया।

तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
बरहैंनी चौकी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तैयब ने बताया कि एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है। उसे प्राथमिक उपचार दिया गया है।